हिंसा प्रभावित मणिपुर में रह रहे सिक्किम के 128 छात्रों को रविवार को वापस उनके गृह राज्य लाया जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मणिपुर में फंसे छात्रों को राज्य सरकार पहले विमान से इंफाल से कोलकाता लेकर आई। इसके बाद, कोलकाता से ये लोग बसों से सिलिगुड़ी पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक, सिलिगुड़ी से सभी छात्र एसएनटी बसों से प्रांतीय राजधानी गंगटोक पहुंचेंगे। अधिकारियों ने बताया कि मणिपुर के सुदूर इलाके में तैनात सिक्किम के एक डॉक्टर को भी सुरक्षित वापस लाया गया है। छात्रों को वापस लाने ले जुड़े ‘ऑपरेशन गुरान’ का नेतृत्व मुख्य सचिव वी बी पाठक ने किया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग लगातार हालात पर नजर रख रहे थे। वह छात्रों की सुरक्षा का लगातार जायजा ले रहे थे।



