Home देश दुनिया Lucknow murder case: लखनऊ में महिला की हत्या और लूट: घर लौटी...

Lucknow murder case: लखनऊ में महिला की हत्या और लूट: घर लौटी रेनू यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मझला बेटा निखिल लापता

0
89

Lucknow murder case: लखनऊ में महिला की हत्या और लूट: घर लौटी रेनू यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मझला बेटा निखिल लापता

लखनऊ: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित बाबू खेड़ा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक वारदात ने इलाके को दहला दिया। घर में लूटपाट के बाद 37 वर्षीय रेनू यादव की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका का मझला बेटा निखिल (20) घटना के बाद से लापता है, जिससे मामले ने और रहस्यपूर्ण मोड़ ले लिया है।

जानकारी के मुताबिक, रेनू यादव दो दिन पहले अपने मायके करझन (काकोरी) गई थीं और शुक्रवार को मझले बेटे निखिल के साथ घर लौटी थीं। पति रमेश यादव दूध बेचने का काम करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। उनके तीन बेटे हैं – प्रीत (22), निखिल (20) और नितिन (16)।

पुलिस और परिजनों के अनुसार, घर के अंदर दीवारों, सिलेंडर और सामान पर खून के धब्बे मिले हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि महिला पर भारी वस्तु से हमला किया गया। छोटा बेटा नितिन जब शाम चार बजे घर लौटा, तो मां खून से लथपथ बेहोश पड़ी थीं, जबकि निखिल और उसकी बाइक गायब थी।

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद निखिल ने मामा राजकुमार और बड़े भाई राजू को फोन कर बताया था कि कुछ लोग हथियार लेकर उसका पीछा कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद से उसका फोन बंद हो गया।

पति रमेश यादव ने पुलिस को बताया कि घर से 5-6 लाख रुपये मूल्य के सामान की लूट हुई है। उन्होंने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है जिसमें सामने आया कि उनके बेटे निखिल ने किसी से लोन लिया था और उसे न चुका पाने पर धमकियां मिल रही थीं।

डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल और एसीपी बबलू कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या और लूट का केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। लापता बेटे निखिल की तलाश में विशेष टीम लगाई गई है।

हालांकि पुलिस को शक है कि वारदात में घर के करीबी भी शामिल हो सकते हैं, क्योंकि बदमाशों को घर की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। निखिल की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है, जिसे लेकर जांच आगे बढ़ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here