Home देश दुनिया Lawrence Bishnoi Gang: ‘मैडम जहर’ नेहा गिरफ्तार, ड्रग्स और हथियार कनेक्शन की...

Lawrence Bishnoi Gang: ‘मैडम जहर’ नेहा गिरफ्तार, ड्रग्स और हथियार कनेक्शन की जांच तेज

0
31

Lawrence Bishnoi Gang: ‘मैडम जहर’ नेहा गिरफ्तार, ड्रग्स और हथियार कनेक्शन की जांच तेज

कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ा प्रहार करते हुए उसकी गैंग से जुड़ी बताई जा रही लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा उर्फ ‘मैडम जहर’ को गिरफ्तार कर लिया है। नेहा को ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े आरोपों में पकड़ा गया है। वह गैंग में गनमैन कहे जाने वाले बॉबी कबूतर उर्फ महफूज की गर्लफ्रेंड बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक बॉबी कबूतर गैंग को अवैध हथियारों की सप्लाई में अहम कड़ी रहा है।

जांच में सामने आया है कि बॉबी कबूतर कथित तौर पर कुख्यात आर्म्स सप्लायर सलीम उर्फ ‘सलीम पिस्टल’ से हथियार लेता था, जिसे नेपाल-भारत बॉर्डर से गिरफ्तार किया जा चुका है। सलीम पर पाकिस्तान की आईएसआई से लिंक होने के आरोप भी लगे थे। पुलिस सूत्रों का दावा है कि हथियार सप्लाई का यह नेटवर्क कई संगीन वारदातों में सक्रिय रहा है।

स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने महिपालपुर फ्लाईओवर के पास से नेहा, बॉबी कबूतर और उसके दो गुर्गों—मोहम्मद राजी खान और शाहबाज—को दबोचा। चारों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली नेहा उस आड़ में गैंग की गतिविधियों में सहयोग कर रही थी। उसके पास से ड्रग्स बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है।

जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि क्या गैंग के ड्रग्स और हथियार नेटवर्क के तार देश के अलग-अलग राज्यों तक फैले हैं। इससे पहले भी गैंग से जुड़ी लेडी डॉन दीपा और जोया खान की गिरफ्तारी हो चुकी है। जोया खान को हाशिम बाबा गैंग के ऑपरेशन संभालने के आरोप में पकड़ा गया था और वह फिलहाल जेल में है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बॉबी कबूतर का नाम मई 2022 में हुई पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी करने के मामले में भी सामने आया था। दावा है कि उसने मूसेवाला की मूवमेंट और रूट की जानकारी जुटाकर हमलावरों तक पहुंचाई थी। इस मामले में भी उससे पूछताछ की जा रही है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लंबे समय से बॉबी की तलाश में थी। बताया जा रहा है कि वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर रहा था। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसे ट्रैक कर गिरफ्तार किया। अब स्पेशल सेल नेहा से गैंग के ड्रग्स कनेक्शन, फंडिंग चैनल और अन्य सहयोगियों के बारे में पूछताछ कर रही है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here