Home देश दुनिया Khalistani Terrorist Pannu: भारत के खिलाफ साजिश, खालिस्तानी आतंकी पन्नू के नाम...

Khalistani Terrorist Pannu: भारत के खिलाफ साजिश, खालिस्तानी आतंकी पन्नू के नाम पर दिल्ली में FIR, गणतंत्र दिवस से पहले अशांति फैलाने की कोशिश

0
38

Khalistani Terrorist Pannu: भारत के खिलाफ साजिश, खालिस्तानी आतंकी पन्नू के नाम पर दिल्ली में FIR, गणतंत्र दिवस से पहले अशांति फैलाने की कोशिश

खालिस्तान समर्थक आतंकी और ‘सिक फॉर जस्टिस’ नामक संगठन चलाने वाले गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ दिल्ली में एफआईआर दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी में अशांति फैलाने की साजिश रचने के आरोपों के तहत की है। पन्नू पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर झूठे और भ्रामक दावे किए, जिससे कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई।

दरअसल, गुरपतवंत सिंह पन्नू ने हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसमें उसने दावा किया कि उसके स्लीपर सेल के सदस्यों ने दिल्ली के रोहिणी और डाबरी इलाकों में खालिस्तान समर्थक पोस्टर लगाए हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल तुरंत हरकत में आई और संबंधित इलाकों में जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कहीं भी ऐसे पोस्टर नहीं मिले, जिससे साफ हो गया कि पन्नू का दावा पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पन्नू का मकसद गणतंत्र दिवस से पहले डर और भ्रम का माहौल पैदा करना था, ताकि देश की आंतरिक सुरक्षा को चुनौती दी जा सके। स्पेशल सेल की रिपोर्ट के बाद दिल्ली पुलिस ने पन्नू के खिलाफ औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के फर्जी दावे देश विरोधी साजिश का हिस्सा हैं और इन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता।

गौरतलब है कि गुरपतवंत सिंह पन्नू पहले से ही भारत सरकार की नजर में एक घोषित आतंकवादी है। 1 जुलाई 2020 को भारत सरकार ने उसे संशोधित यूएपीए कानून के तहत आतंकवादी घोषित किया था। इसके बाद जुलाई 2020 में ही पंजाब पुलिस ने अमृतसर और कपूरथला में उसके खिलाफ राजद्रोह के मामले दर्ज किए थे।

पन्नू इससे पहले भी कई बार भारत विरोधी बयान और धमकियां दे चुका है। उसने अपने यूट्यूब चैनल के जरिए ऐलान किया था कि गुरुग्राम से लेकर हरियाणा के अंबाला तक सभी एसपी और डीसी कार्यालयों में खालिस्तानी झंडा फहराया जाएगा। इस धमकी के बाद गुरुग्राम में उसके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया था।

जानकारी के मुताबिक, गुरपतवंत सिंह पन्नू का जन्म अमृतसर के खानकोट गांव में हुआ था। बाद में वह विदेश चला गया और वहीं से आईएसआई के सहयोग से पंजाब में खालिस्तानी अलगाववादी आंदोलन को फिर से हवा देने की कोशिश कर रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाना और फर्जी दावे करना उसकी रणनीति का हिस्सा है, ताकि भारत में अस्थिरता पैदा की जा सके।

दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पन्नू की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और गणतंत्र दिवस से पहले राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here