Kerala Family Death: कोच्चि में बंद कमरे से मिली एक ही परिवार की 5 लाशें, जांच में सामने आया चौंकाने वाला एंगल
केरल के कोच्चि से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किराए के मकान में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना शहर के वडुथला इलाके की है, जहां दो महिलाओं और तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में इस मामले को सामूहिक आत्महत्या से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसमें हत्या के एंगल की भी आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि संभवतः पहले बच्चों की हत्या की गई और उसके बाद दोनों महिलाओं ने आत्महत्या कर ली। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मृतक परिवार मूल रूप से तिरुवनंतपुरम का रहने वाला था और पिछले कुछ महीनों से कोच्चि में रह रहा था। बताया जा रहा है कि परिवार के एक सदस्य का इलाज कराने के लिए वे यहां आए थे और इसी दौरान वडुथला इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे।
मृतकों की पहचान कनकलता और उनकी बेटी अश्वथी के रूप में हुई है, जबकि अन्य तीन मृतक अश्वथी के बच्चे बताए जा रहे हैं। एक साथ पांच लोगों की मौत ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, बल्कि कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार कई दिनों तक घर से बाहर नहीं निकला। मकान मालिक को शक हुआ तो वह घर के अंदर देखने पहुंचा। दरवाजा खोलते ही अंदर का मंजर देख उसके होश उड़ गए। कमरे के भीतर सभी पांचों के शव पड़े थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और उनके बैकग्राउंड की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।



