Home देश दुनिया कर्नाटक में पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, रोड शो के...

कर्नाटक में पीएम मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, रोड शो के दौरान कार के करीब पहुंचा युवक

0
138

कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। दरअसल आज पीएम मोदी हुबली में रोड शो कर रहे थे। इस के दौरान एक युवक पीएम मोदी का सुरक्षा घेरा तोड़कर गाड़ी के पास पहुंच गया। इस मुद्दे पर हुबली के पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा में सेंधमारी से इनकार किया है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है। पीएम यहां युवा महोत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे हैं। वे रोड शो कर रहे थे, तभी एक युवक दौड़ता हुआ उनकी कार के गेट तक पहुंच गया और उन्हें माला पहनाने की कोशिश करने लगा। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने युवक को फौरन रोक लिया। पीएम मोदी के रोड शो में सुरक्षा में सेंध पर सीपी रमन गुप्ता ने बताया कि हम पूछताछ कर रहे हैं कि क्या वह स्थानीय था और उत्साह से बाहर कूद गया था। उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत रोक लिया। पूछताछ जारी है। प्रथम दृष्टया यह सुरक्षा में सेंध नहीं लगता। उन्होंने बताया कि वह एक भोला-भाला नौजवान लड़का है और उसने ऐसा उत्साह से किया होगा। फिर भी हम उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।

इस घटना के कुछ देर बाद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया। इस मौके पर युवाओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि युवा शक्ति भारत का ड्राइविंग फोर्स है। युवा शक्ति की आकांक्षाएं भारत की मंजिल तय करती है। युवा शक्ति का जुनून भारत का रास्ता तय करता है। खिलौनों से लेकर टूरिज्म, डिफेंस से डिजिटल हर क्षेत्र में दुनिया में भारत छाया हुआ है। यह इतिहास का विशेष दौर है। आप विशेष पीढ़ी हैं। आपके सामने ग्लोबल सीन में भारत का प्रभाव बनाने का विशेष मिशन है। आज गांव हो, शहर हो या कस्बा हो, हर जगह युवाओं का जज्बा उफान पर है। हर मिशन के लिए बुनियाद की जरूरत होती है, चाहे अर्थव्यवस्था हो या शिक्षा, खेल हो या स्टार्ट अप, कौशल विकास हो या डिजिटलाइजेशन हर क्षेत्र में एक मजबूत बुनियाद पिछले 8-9 साल में रखी गई है। युवाओं की उड़ान के लिए रनवे तैयार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here