Kanpur Crime: छेड़छाड़ से परेशान नाबालिग छात्रा ने लगाई फांसी, आरोपी की तलाश जारी
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के बरौर थाना क्षेत्र स्थित अंडवा गांव में एक नाबालिग छात्रा द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों का आरोप है कि गांव का एक युवक कई महीनों से उनकी बेटी को लगातार परेशान कर रहा था, जिसके मानसिक दबाव में आकर उसने यह कदम उठाया।
परिवार के मुताबिक, किशोरी जब स्कूल या कोचिंग जाती थी, तब आरोपी युवक रास्ते में उसका पीछा करता और छेड़छाड़ करता था। मृतका के भाई ने बताया कि युवक बाइक से आकर उसकी बहन की साइकिल के सामने खड़ा हो जाता था और उसे रोककर परेशान करता था। परिवार का दावा है कि एक बार वह उसे जबरन कहीं ले गया था। लगातार मानसिक उत्पीड़न और बदनामी के डर से छात्रा गहरे तनाव में थी।
घटना के बाद जब पोस्टमार्टम के उपरांत शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि लड़की ने घर पर आत्महत्या का प्रयास किया था। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शिकायत मिलने के बाद संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



