Home देश दुनिया Jammu Kashmir Accident: जम्मू-कश्मीर हादसा: उधमपुर में सीआरपीएफ बंकर व्हीकल खाई में...

Jammu Kashmir Accident: जम्मू-कश्मीर हादसा: उधमपुर में सीआरपीएफ बंकर व्हीकल खाई में गिरा, 3 जवान शहीद, 15 घायल

0
52

Jammu Kashmir Accident: जम्मू-कश्मीर हादसा: उधमपुर में सीआरपीएफ बंकर व्हीकल खाई में गिरा, 3 जवान शहीद, 15 घायल

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक बंकर व्हीकल खाई में गिर गया। हादसा कंडवा के पास हुआ, जब वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस वाहन में कुल 23 जवान सवार थे।

हादसे में 3 सीआरपीएफ जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उधमपुर के एडिशनल एसपी संदीप भट के नेतृत्व में पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना पर दुख जताते हुए जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “उधमपुर के पास हुए हादसे में सीआरपीएफ जवानों की मौत से गहरा दुख हुआ है। देश के प्रति उनकी सेवा को हम कभी नहीं भूलेंगे। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारियों को बेहतर इलाज और हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी इस दुर्घटना को लेकर चिंता जताई और लिखा, “उधमपुर के कंडवा-बसंतगढ़ इलाके में सीआरपीएफ वाहन के सड़क हादसे की खबर बेहद चिंताजनक है। कई बहादुर जवान इसमें सवार थे। मैंने डीसी सलोनी राय से बात की है, जो स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया और स्थानीय लोगों ने भी मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। हर जरूरी सहायता दी जा रही है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here