Jaipur Violence: जयपुर में मस्जिद के बाहर भड़की हिंसा, पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज के बाद 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार तड़के उस वक्त तनाव फैल गया, जब जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के चौमूं कस्बे में एक मस्जिद के बाहर पत्थर हटाने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। हालात उस समय बेकाबू हो गए, जब पुलिस द्वारा मौके पर स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश के दौरान उग्र भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला शुक्रवार सुबह करीब चार बजे का है। चौमूं तहसील के बस स्टैंड के पास स्थित एक मस्जिद के बाहर लगे पत्थरों को हटाने को लेकर पहले ही प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच सहमति बन चुकी थी। लेकिन देर रात मस्जिद से जुड़े कुछ लोगों ने वहां रेलिंग लगाकर बाउंड्री का काम शुरू कर दिया। जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस द्वारा सख्ती दिखाने पर भीड़ और अधिक उग्र हो गई और अचानक पथराव शुरू कर दिया गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल भी किया गया। इस झड़प में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं, जबकि कुछ सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है।
घटना के बाद पूरे चौमूं इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है और हर चौक-चौराहे पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हालात पर काबू पाने और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने एहतियातन चौमूं कस्बे में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।



