Istanbul Shooting: Istanbul में इजरायली दूतावास के पास गोलीबारी, 3 हमलावर ढेर
तुर्की के Istanbul में इजरायली दूतावास के पास हुई भीषण गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यह घटना बेसिक्टास इलाके में हुई, जहां पुलिस और हमलावरों के बीच करीब 10 मिनट तक मुठभेड़ चली।
जानकारी के मुताबिक, इस गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हुई है, जिन्हें हमलावर बताया जा रहा है, जबकि एक हमलावर को घायल हालत में गिरफ्तार किया गया है। घटना के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावर इजरायली दूतावास की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही वे इमारत के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई।
बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद था। पुलिस ने मौके से लंबी बंदूकें और बैग बरामद किए हैं। तुर्की के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि मारे गए तीनों लोग हमलावर थे और उनकी पहचान कर ली गई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है, जिसकी हर एंगल से जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि 2023 में Israel–Hamas war शुरू होने के बाद से तुर्की में इजरायली ठिकानों के आसपास सुरक्षा पहले से ही बढ़ा दी गई थी। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि इस हमले का सीधा निशाना दूतावास था या नहीं।



