Indigo Crisis: देशभर में हाहाकार जारी, आठवें दिन भी 500 उड़ानें रद्द, सरकार सख्त
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo का संचालन संकट लगातार गहराता जा रहा है और स्थिति आठवें दिन भी सामान्य नहीं हो पाई है। आज भी देशभर में लगभग 500 फ्लाइट्स रद्द की गईं, जिससे हवाई यात्रियों को बेहद कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पिछले एक हफ्ते में IndiGo की 4,500 से अधिक उड़ानें रद्द होने के कारण हजारों यात्री एयरपोर्ट्स पर फंसे हुए हैं और घंटों से इंतजार कर रहे हैं। फ्लाइट ड्यूटी टाइम और नई रेगुलेशन व्यवस्था में बदलाव के बाद शुरू हुए इस संकट ने एयरलाइन की संचालन क्षमता को बुरी तरह प्रभावित किया है।
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार रात से ही अफरा-तफरी का माहौल है, जहां सैकड़ों यात्री कैंसिलेशन और देरी से परेशान नजर आए। मंगलवार को भी IGI एयरपोर्ट पर IndiGo की 152 प्लान्ड फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जिनमें 76 डिपार्चर और 76 अराइवल शामिल हैं। हैदराबाद के शमशाबाद एयरपोर्ट से आज 38 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि सोमवार को दिल्ली और बेंगलुरु में 250 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल हुईं। लखनऊ एयरपोर्ट पर भी सोमवार को 26 Indigo फ्लाइट्स रद्द की गईं।
संकट की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 10 अधिकारियों को प्रमुख हवाई अड्डों पर भेजा है, जो अगले 2–3 दिन यात्रियों की सहायता करने और हालात की निगरानी करने के लिए वहीं तैनात रहेंगे। आज मंत्रालय ने सभी एयरलाइन ऑपरेटरों की एक महत्वपूर्ण बैठक राजीव भवन में बुलाई है, जिसमें स्थिति की समीक्षा की जाएगी और भविष्य में इस तरह के संकट से बचने के उपायों पर चर्चा होगी। बैठक में Indigo के संचालन, रिफंड प्रक्रिया, यात्रियों की देखभाल, एयरफेयर कैपिंग, तथा सेवा बहाली की रणनीति पर विस्तृत विचार होगा।
इस बीच नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने सख्त कदमों की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार IndiGo के विंटर शेड्यूल में कटौती करेगी और उसके स्लॉट अन्य एयरलाइंस को दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि Indigo फिलहाल 2,200 उड़ानें प्रतिदिन संचालित कर रहा है, लेकिन अब निश्चित रूप से इसमें कमी की जाएगी। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि 1 दिसंबर से 8 दिसंबर शाम 5 बजे तक रद्द हुए 7,30,655 PNR के लिए 745 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया जा चुका है। इसके अलावा 9,000 पैसेंजर बैग में से 6,000 यात्रियों को सौंप दिए गए हैं, जबकि बाकी आज रात या मंगलवार सुबह तक वितरित कर दिए जाएंगे।
विमानन सुरक्षा नियामक DGCA ने बताया कि उसे IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स और अकाउंटेबल मैनेजर इसिड्रो पोरक्वेरास द्वारा भेजा गया कारण बताओ नोटिस का जवाब मिल गया है, जिसमें एयरलाइन ने “गहरा खेद” व्यक्त करते हुए यात्रियों से माफी मांगी है। DGCA फिलहाल मामले की जांच कर रहा है और उपयुक्त कार्रवाई करने की तैयारी में है।
IndiGo संकट पर लोगों के बीच भारी असंतोष है, जबकि सरकार घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के मूड में है। यात्रियों की उम्मीदें अब इस बात पर टिकी हैं कि संचालन जल्द सामान्य हो और यात्रा योजनाओं में हो रही अव्यवस्था समाप्त हो सके।



