जीटीके बाईपास पर बढ़ते जाम से जनता परेशान : एम. एल. भास्कर
नई दिल्ली (स्पर्श भारद्वाज ) : जीटीके बाईपास और मुकरबा चौक के आसपास लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव के कारण रोजाना हजारों वाहन चालकों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पीक आवर्स में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों का समय बर्बाद होने के साथ-साथ सड़क पर दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। एम. एल. भास्कर, चेयरमैन, रोहिणी जिला कांग्रेस कमेटी एससी विभाग ने कहा कि जीटीके बाईपास दिल्ली के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है, जहां भारी वाहनों, बसों और निजी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में सड़क पर अनावश्यक रुकावट, बस स्टॉप की व्यवस्था तथा खराब सड़क की स्थिति यातायात को और प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि मुकरबा चौक सहित जीटीके बाईपास के प्रमुख जाम वाले स्थानों का यातायात विभाग द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकाला जाना चाहिए। बस स्टॉप की उचित व्यवस्था, सड़क की मरम्मत, यातायात नियंत्रण और भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने जैसे उपायों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। एम. एल. भास्कर ने कहा कि आम जनता को रोजाना घंटों जाम में फंसना न पड़े, इसके लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जीटीके बाईपास और मुकरबा चौक की यातायात समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने की मांग की।



