Income Tax Raid: उत्तर भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट का भंडाफोड़, 500 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा
जागरण संवाददाता के अनुसार, आयकर विभाग की जांच शाखा, चंडीगढ़ ने बुधवार को यह कार्रवाई की। 250 से अधिक अधिकारी, वरिष्ठ उप आयुक्त और निदेशक स्तर के अफसरों की मौजूदगी में एक साथ 35 ठिकानों पर छापेमारी की गई। शुरुआती जांच में यह सामने आया कि अवैध कमाई को हवाला नेटवर्क, बेनामी खातों और करोड़ों की प्रॉपर्टी डील में खपाया गया था।
विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टेबाजी की अवैध अर्थव्यवस्था पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार है। अधिकारियों का कहना है कि कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो यह साबित करते हैं कि नेटवर्क न केवल टैक्स चोरी में लिप्त था बल्कि अवैध धन को वैध दिखाने के लिए हवाला और बेनामी सौदों का सहारा ले रहा था।
आयकर विभाग का दावा है कि आने वाले दिनों में इस कार्रवाई से जुड़े और भी खुलासे होंगे और कई बड़ी गिरफ्तारी तथा वसूली की उम्मीद जताई जा रही है।



