बाबरी विध्वंस दिवस पर मंगलवार को लड्डू गोपाल का जलाभिषेक और हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिये मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर स्थित शाही ईदगाह मस्जिद की ओर जाने की कोशिश कर रहे हिन्दू महासभा के आगरा प्रभारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि शाही ईदगाह में लड्डू गोपाल का जलाभिषेक और हनुमान चालीसा का पाठ करने की हिंदू महासभा की घोषणा के मद्देनजर मस्जिद की तरफ जाने का प्रयास कर रहे महासभा की आगरा इकाई के प्रभारी सौरभ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने ने बताया कि उनके अलावा हिंदूवादी संगठनों के सात-आठ अन्य नेताओं को भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थित उनके आवासों पर नजरबंद किया गया है। उन्होंने बताया कि अखिल भारत हिन्दू महासभा ने अयोध्या में विवादित ढांचे के विध्वंस दिवस पर छह दिसंबर को शाही ईदगाह मस्जिद में लड्डू गोपाल का जलाभिषेक और हनुमान चालीसा पाठ करने का ऐलान किया था।
एसएसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मथुरा में सुरक्षा को 10 जोन में बांटा गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस RAF, पीएसी, इंटेलीजेंस के जवान तैनात किए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी अफवाह फैलाने वाले लोगों पर पैनी नजर रखी जा रही है, उन्हें भी चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। ईदगाह और जन्मस्थान जाने वाले सभी मार्गों पर मंगलवार सुबह आठ बजे से बुधवार भोर तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया कि केवल एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को ही इधर से गुजरने की अनुमति होगी।



