हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस की प्रदेश इकाई की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह शुक्रवार को राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कदमताल करते हुए दिखे। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 100 दिन पूरे हो गए हैं और यात्रा अब भी जारी है। सुबह चाय के लिए विराम के बाद सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के अलावा मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रमुख प्रतिभा सिंह, उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह और राज्य के कुछ अन्य नवनिर्वाचित विधायक के साथ-साथ राज्य में कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला भी यात्रा में शामिल हुए. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने लोगों से जुड़े मुद्दों को उजागर किया है। राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेताओं ने शुक्रवार को यहां मीना हाईकोर्ट से यात्रा के सुबह के चरण की शुरुआत की। पदयात्रियों के साथ कदमताल करते वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसके माध्यम से देश के आम लोगों से जुड़े मुद्दों को उजागर किया गया है।’’ केसी वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘राहुल गांधी की छवि को खराब करने की भारतीय जनता पार्टी की कोशिश को भी हमने बर्बाद कर दिया है। ’’
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यात्रा का संदेश 26 जनवरी से पार्टी की ओर से चलाए जाने वाले एक अन्य अभियान के माध्यम से फैलाया जाएगा। कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने अब तक आठ राज्यों- तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान से गुजर चुकी है। 2,800 किलोमीटर से अधिक की यात्रा कर चुके राहुल गांधी अपने समर्थकों के साथ-साथ आलोचकों का भी ध्यान आकर्षित करने में कामयाब रहे हैं. विवाद भी यात्रा का हिस्सा रहे हैं और कांग्रेस-बीजेपी ने कई मौकों पर एक-दूसरे की आलोचना की है।



