Himachal Bus Accident: हिमाचल प्रदेश: मंडी में दर्दनाक बस हादसा, 7 की मौत और 21 घायल – खाई में गिरने से मचा कोहराम
मंडी, हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में एक किशोर सहित 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा मसेरन क्षेत्र के तांगरा मोड़ के पास हुआ जब बस अनियंत्रित होकर 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, सरकाघाट से जमनी जा रही यह बस तंग सड़क पर एक कार को पास देने के प्रयास में सड़क से थोड़ा किनारे चली गई। तभी सड़क का किनारा (डंगा) बैठ गया, जिससे बस संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई। बस में करीब 30 यात्री सवार थे।
मृतकों की पहचान
इस हादसे में जान गंवाने वाले 7 लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:
बलवीर (60), पाटी भलयारा, तहसील सरकाघाट
अंतरिक्ष (17), गरौडु, तहसील सरकाघाट
बर्फी देवी (80), भलयाणा, तहसील सरकाघाट
गीता देवी (65), रसेहड, तहसील सरकाघाट
डोमा देवी (70), रमेहड, तहसील सरकाघाट
कलासी देवी (60), तलगरा, तहसील सरकाघाट
सुमन कुमार (33), मसेरन, तहसील सरकाघाट
इनमें से पांच मृतक एक ही क्षेत्र के थे, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
घायलों की स्थिति
घायलों को पहले सिविल अस्पताल सरकाघाट में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में गंभीर स्थिति में कुछ को मेडिकल कॉलेज नेरचौक, हमीरपुर, एम्स बिलासपुर और आइजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। घायल बस चालक को भी नेरचौक भेजा गया है।
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। कुछ ही देर में प्रशासनिक और पुलिस टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। एंबुलेंस और 108 सेवा की गाड़ियां घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सक्रिय रहीं। देर रात एसएसपी श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
जांच के आदेश
एसडीएम और डीएसपी सरकाघाट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण सड़क किनारे बने डंगे का बैठ जाना माना जा रहा है, लेकिन सटीक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी घटनास्थल पर
हादसे के बाद प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री घटनास्थल पहुंचे और पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से दुर्घटना के कारणों की जानकारी ली और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।



