Greater Noida accident: ग्रेटर नोएडा में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कार-ट्रक की भीषण टक्कर, 3 की मौत, 3 घायल
ग्रेटर नोएडा में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर अकबरपुर टोल प्लाजा के पास एक कार और ट्रक के बीच हुई जबरदस्त टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना 21 अगस्त की देर रात की है। थाना दादरी क्षेत्र में ट्रक (नंबर TS08 UB 7694) और वैगनआर कार (नंबर HR38 AT 4379) की जोरदार टक्कर हुई। कार हरिद्वार से फरीदाबाद लौट रही थी और उसमें कुल छह लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे लोग बुरी तरह फंस गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। दादरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन व हाइड्रा की मदद से कार को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान गौरव पुत्र रूप चन्द्र निवासी ग्राम सुरवारी थाना कोशीकलां, मथुरा; लोकेश (ड्राइवर) पुत्र लक्ष्मी नारायण निवासी हनुमान नगर, थाना खेड़ीपुर, फरीदाबाद; और गौतम पुत्र जगवीर निवासी ग्राम जवां थाना छांयसा, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में ललित पुत्र महेन्द्र निवासी ग्राम कोडला, थाना होडल, पलवल (हरियाणा); हरविंदर पुत्र नरेन्द्र और कुलदीप पुत्र ईश्वर, दोनों निवासी ग्राम जवां थाना छांयसा, फरीदाबाद शामिल हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जैसे ही घटना की सूचना परिजनों तक पहुंची, वे रात में ही अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और परिजनों को सांत्वना दी है। ट्रक और कार दोनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



