Ghazipur Encounter: दिल्ली के गाजीपुर पेपर मार्केट में मुठभेड़, हाशिम बाबा गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ की बड़ी घटना सामने आई है। गाजीपुर पेपर मार्केट के पास हुई इस एनकाउंटर में कुख्यात गैंगस्टर हाशिम बाबा गैंग के दो बदमाशों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाला शार्प शूटर फैजान उर्फ काला भी दबोच लिया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फैजान उर्फ काला फर्श बाजार इलाके में फायरिंग और रंगदारी के मामलों में वांछित था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे ट्रेस किया, जिसके बाद गाजीपुर पेपर मार्केट के आसपास घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उस्मानपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी फैजान की उम्र 23 साल बताई जा रही है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार रखने और रंगदारी समेत कुल 9 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फैजान हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय शूटर है और गैंग के लिए वारदातों को अंजाम देता था। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में हाशिम बाबा गैंग के एक और बदमाश को भी हिरासत में लिया गया है, जिससे आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गैंग से जुड़े अन्य अपराधों और फरार आरोपियों के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं। फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है।



