Ghaziabad suicide case: इंडियन नाम से नाराज़ रहती थीं तीनों बहनें, कोरिया जाने का था जुनून, गाजियाबाद कांड पर पिता का नया खुलासा
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों द्वारा 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या किए जाने का मामला और भी रहस्यमय होता जा रहा है। इस दर्दनाक घटना को लेकर अब पिता का एक और बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पिता ने बताया कि तीनों बेटियों ने खुद की कोरियन पर्सनैलिटी बना ली थी और अपने नाम तक बदल लिए थे। उन्हें “इंडियन” कहे जाने पर गुस्सा आता था और वे कोरिया जाने की जिद पर अड़ी रहती थीं। उनका कहना था कि अगर वे कोरिया नहीं गईं तो मर जाएंगी। पिता के मुताबिक बच्चे पिछले तीन-चार साल से कोरियन ड्रामा, वीडियो और डांस कंटेंट देखने की आदी हो गई थीं, जिसका उनके दिमाग पर गहरा असर पड़ा।
पिता ने यह भी साफ किया कि उनका करीब 20 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ था, लेकिन यह आत्महत्या की वजह नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि बच्चियां इंडिया के नाम पर खाना तक नहीं खाती थीं और हर वक्त कोरिया जाने की बात करती थीं। घटना वाले दिन शाम को भी इसी बात को लेकर बातचीत हुई थी। पिता ने बताया कि उन्होंने शाम करीब 7 बजे बेटियों का मोबाइल ले लिया था, लेकिन रात 10 बजे उन्होंने फिर मोबाइल उठा लिया और करीब 12 बजे तक इस्तेमाल किया। बाद में मोबाइल वापस ले लिया गया, जिसके बाद तीनों बहनें कंबल से निकलकर मंदिर वाले कमरे में गईं और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद क्या हुआ, किसी को कुछ पता नहीं चला, जब तक नीचे गिरने की खबर नहीं मिली।
पिता ने बताया कि उन्होंने कई बार गुस्से में डांटा भी और समझाने की कोशिश की। स्कूल टीचर तक ने कहा था कि पहले बच्चों का माइंडसेट बदलिए, वरना वे पढ़ाई में ध्यान नहीं दे पाएंगी। सुसाइड नोट में “सॉरी मम्मी, सॉरी पापा” लिखकर जान देने वाली बच्चियों को लेकर पहले भी पिता ने दावा किया था कि वे ऑनलाइन कोरियन गेम की आदी थीं और जिस दिन उन्होंने आत्महत्या की, उस दिन गेम का आखिरी टास्क था। टास्क पूरा करने के बाद तीनों ने 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
इस मामले में पारिवारिक स्थिति भी बेहद जटिल बताई जा रही है। पिता ने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियां सगी बहनें थीं। पहली पत्नी से संतान न होने पर उसने दूसरी शादी की थी, जिससे तीन बच्चे हुए। बाद में पहली पत्नी से भी दो संतानें हुईं। आत्महत्या करने वाली तीन बच्चियों में दो दूसरी पत्नी की और एक पहली पत्नी की बेटी थी। सभी एक ही घर में रहते थे। यह दर्दनाक घटना 3 और 4 फरवरी की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी में हुई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और मोबाइल, ऑनलाइन गतिविधियों व पारिवारिक परिस्थितियों की गहन पड़ताल की जा रही है।



