Ghaziabad: गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा, 9वें फ्लोर से कूदकर तीन सगी नाबालिग बहनों की मौत, ऑनलाइन गेम की लत का शक
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक साथ नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। यह मामला गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसाइटी का है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिवार और स्थानीय लोग गहरे सदमे में हैं।
पुलिस के अनुसार मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बहनें भारत सिटी की बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 में अपने परिवार के साथ रहती थीं। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे तीनों ने एक साथ सोसाइटी की नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों बहनें ऑनलाइन मोबाइल गेम की लत का शिकार थीं। पुलिस को शक है कि वे टास्क बेस्ड कोरियन लव गेम खेलती थीं और लंबे समय से मोबाइल गेमिंग में अत्यधिक समय बिता रही थीं। बताया जा रहा है कि परिवार द्वारा गेम खेलने से मना किए जाने पर वे मानसिक दबाव में थीं, हालांकि आत्महत्या के पीछे की सटीक वजह की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
परिजनों के मुताबिक, तीनों बहनों को कोरोना काल के दौरान मोबाइल गेम की लत लग गई थी। वे लगभग हर काम एक साथ करती थीं, चाहे वह खाना हो, सोना हो या रोजमर्रा की गतिविधियां। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों का स्कूल जाना नियमित नहीं था, जिससे उनके व्यवहार और दिनचर्या को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई थी।
घटना के बाद पिता चेतन कुमार और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल फोन, गेमिंग ऐप्स और परिवार के बयान के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
यह घटना एक बार फिर बच्चों और किशोरों में ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत और उसके मानसिक प्रभावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



