Ghaziabad Fire:गाजियाबाद के इंदिरापुरम की सोसाइटी में भीषण आग, कई फ्लैट जले, बाल-बाल बचे लोग
इंदिरापुरम: अभय खंड स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बुधवार सुबह एक फ्लैट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 8वीं और 9वीं मंजिल से शुरू होकर आसपास के कई फ्लैट इसकी चपेट में आ गए।
गौर ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में लगी इस आग के कारण लोग घबराकर अपने-अपने फ्लैट छोड़कर बाहर भागने लगे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के लिए कई गाड़ियों को लगाया गया, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाने में काफी मुश्किलें आईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे एसी के कंप्रेसर फटने से आग लगी, जिसने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने टावर के ऊपरी हिस्सों में मौजूद कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन और अन्य कीमती सामान जलकर खाक हो गया।
स्थानीय निवासी रोहित के मुताबिक, आग में करीब 6 से 7 फ्लैट पूरी तरह जल गए हैं। लोगों ने शुरुआत में खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर उन्हें फ्लैट खाली करने पड़े। आसपास के फ्लैटों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन एक से डेढ़ घंटे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
दमकल विभाग और प्रशासन की टीमों ने एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घनी आबादी वाले इलाके में हुई इस घटना ने एक बार फिर हाई-राइज इमारतों में फायर सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल अधिकारी आग के कारणों की जांच में जुटे हैं और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने का प्रयास जारी है।



