राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जाति और धर्म के नाम पर नफरत फैल गई है और इस स्थिति को नहीं संभाला गया तो देश गृहयुद्ध की तरफ जा सकता है। उन्होंने कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा की शुरुआत से पहले संवाददाताओं से यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सद्बुद्धि आए और वे हालात को समझ सकें। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गहलोत ने यह भी कहा कि पार्टी में सबकी यही भावना है कि राहुल गांधी एक बार से पार्टी की कमान संभालें. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस मजबूत होगी और सब मिलकर काम करेंगे तथा देश के सामने जो चुनौतियां हैं उनसे निपटने में भी आसानी होगी। गहलोत ने कहा कि हम लोग प्रधानमंत्री से आग्रह करते आ रहे हैं कि आप अपील करिये कि प्रेम, भाईचारा और सद्भाव होना चाहिए और हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. उनका यह भी कहना था कि बहुत ज्यादा ध्रुवीकरण हुआ है. जाति और धर्म के नाम पर हिंसा फैल गई है. अगर इस स्थिति को नहीं संभाला गया तो यह गृहयुद्ध की तरफ जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस वक्त ‘देश चला रहे प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह को राहुल गांधी की यात्रा का संदेश समझना चाहिए गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी एक गांधीवादी व्यक्ति हैं और उनके दिल में नफरत और गुस्सा बिल्कुल भी नहीं है।
अशोक गहलोत बोले देश गृहयुद्ध की तरफ जा सकता है
लेखक: CPN News • अपडेट: 8 सितंबर 2022, 5:43 PM
2 मिनट पढ़ें





आपकी राय