Ganesh Chaturthi 2025: फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन में गणेश स्थापना, दिव्यांग बच्चों का अद्भुत सांस्कृतिक प्रदर्शन
फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन में गणेश चतुर्थी 2025 के अवसर पर भव्य और पवित्र आयोजन किया गया। पूरे केंद्र में भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। गणपति स्थापना के साथ ही दिव्यांगजन बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर शोभिता, स्नेहा, खुशी, आराध्या, नैतिक, वंश, सारांश और एंजेल जैसे विशेष बच्चों ने गणेश जी के जन्म पर आधारित नाटक का मंचन किया। यह नाटक विशेष शिक्षिका इलिका रावत के निर्देशन में प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने अपनी अभिनय प्रतिभा, हाव-भाव और संवाद अदायगी से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में उपस्थित माता-पिता और अन्य मेहमान बच्चों के आत्मविश्वास और कौशल को देखकर भावुक हो उठे और जोरदार तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
पूरे कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण बना रहा। गणपति पूजन के दौरान सभी ने एक स्वर में भजन गाए और भगवान गणेश से सुख-समृद्धि और दिव्यांगजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में फाउंडेशन की निदेशक डॉ. दीक्षा श्रीवास्तव और डॉ. महीपाल सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुष्मिता भाटी, डिजिटल मीडिया प्रबंधक सौम्या सोनी और डॉ. अभिषेक राज भी उपस्थित रहे। सभी ने गणेश स्थापना और पूजा-अर्चना में भाग लिया और बच्चों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की।
आयोजन का सफल संचालन प्रशासन प्रमुख कृष्णा यादव ने किया। वहीं, केंद्र प्रबंधक सुरभि जैन ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल दिव्यांगजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और समाज में स्वीकार्यता की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ना है ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।



