Delhi: दिल्ली रोहिणी में मरम्मत के दौरान दो मंजिला इमारत गिरने से चार श्रमिक घायल
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-7 स्थित डी-12 साईं बाबा मार्केट में बुधवार शाम एक पुरानी दो मंजिला इमारत मरम्मत के दौरान अचानक ढह गई। पहली मंजिल पर काम कर रहे चार- पांच श्रमिक मलबे में फंसे थे, लेकिन वे खुद बाहर निकलने में सफल रहे। गनीमत रही कि सड़क पर कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस, डीएमएमए, एनडीआरएफ, एमसीडी की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम देर रात तक चलता रहा। दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि हादसे की सूचना शाम 4:02 बजे मिली थी और दमकल की 5 गाड़ियां तत्काल रवाना की गईं।
हादसे के कारण और इमारत की स्थिति
-
यह लगभग 45 साल पुरानी इमारत है। भूतल और पहली मंजिल 1981-84 के बीच आवंटित की गई थी। बाद में अवैध तरीके से दूसरी मंजिल बनाई गई।
-
करीब 15 वर्षों से इस इमारत का व्यवसायिक उपयोग हो रहा था।
-
छह महीने पहले ही इसे एक बिल्डर ने खरीद कर मरम्मत कराई जा रही थी।
-
शुरुआती जांच में पता चला है कि पहली मंजिल पर शोरूम बनाने के लिए दीवारें हटाई जा रही थीं, तभी इमारत गिरी।
-
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, इमारत के मालिक और ठेकेदार की तलाश जारी है।
मौके की स्थिति और संभावित खतरा
-
हादसा शाम 4 बजे के करीब हुआ, जब आसपास भीड़ कम थी। अगर शाम 6 बजे के बाद होता तो बड़ी संख्या में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
-
सड़क पर मलबा गिरने से आवागमन बाधित हो गया था, जिसे मशीनों की मदद से हटाया गया।
-
मानसून से पहले रोहिणी जोन में ऐसी जर्जर इमारतों का सर्वेक्षण किया जाएगा और उचित कार्रवाई होगी।



