जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर बड़ा हमला हुआ है. बताया गया है कि आबे को भाषण के बीच गोली मारी गई, जिसके बाद वो वहीं गिर पड़े. एक रिपोर्ट के अनुसार जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर नारा शहर में ये हमला हुआ. गोली लगने के बाद शिंजो आबे लहूलुहान होकर नीचे गिर गए. जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. एक लोकल रिपोर्टर के हवाले से ये जानकारी सामने आ रही है. जिसमें बताया गया है कि सुबह करीब 11:30 बजे शिंजो आबे पर ये हमला हुआ।
आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई
हमले के बाद पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में भी लिया है. बताया गया कि हमलावर ने शिंजो आबे पर दो गोलियां चलाईं, जिसके बाद वो भागा नहीं बल्कि वहीं खड़ा रहा. हमलावर की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है. बता दें कि जापान दुनिया के ऐसे देशों में है, जिन्हें सबसे सुरक्षित माना जाता है. लेकिन इस देश में एक पूर्व प्रधानमंत्री पर हुए इस हमले ने सभी को चौंका दिया है. पुलिस भी इस घटना से सतर्क हो गई है. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बताया गया है कि जिस संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है. पश्चिमी जापान के नारा शहर में शिंजो आबे की ये छोटी सी सभा थी. जिसमें करीब 100 लोग शामिल थे. जब आबे भाषण देने आए तो पीछे से एक हमलावर ने गोली चलाई. जिसके बाद आबे नीचे गिर गए।



