Home देश दुनिया Zubeen Garg Death: सिंगर जुबीन की मौत मामले में ऑर्गेनाइजर-मैनेजर पर FIR,...

Zubeen Garg Death: सिंगर जुबीन की मौत मामले में ऑर्गेनाइजर-मैनेजर पर FIR, हिमंत बोले- CID से जांच होगी

0
50

Zubeen Garg Death: सिंगर जुबीन की मौत मामले में ऑर्गेनाइजर-मैनेजर पर FIR, हिमंत बोले- CID से जांच होगी

सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के ऑर्गेनाइजर श्यामकानु महंत और जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा के खिलाफ असम के मोरीगांव पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है। वकील रतुल बोरा ने FIR में आरोप लगाया कि जुबीन को इवेंट के बहाने विदेश ले जाया गया, लेकिन असली मकसद उनकी हत्या करना था। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सरकार जुबीन की मौत की पूरी जांच कराएगी। उन्होंने बताया कि राज्यभर में कई FIR दर्ज हुई हैं, जिन्हें मिलाकर एक केस बनाया जाएगा और जांच CID को सौंपी जाएगी।

जुबीन गर्ग का 19 सितंबर को सिंगापुर में 52 साल की उम्र में निधन हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे बिना लाइफ जैकेट के स्कूबा डाइविंग कर रहे थे, तभी उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई और उनकी मौत हो गई। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि हमें लोगों को साफ-साफ बताना होगा कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। कोई भी तथ्य छिपाया नहीं जाएगा और यदि कोई गवाह या जानकारी देना चाहता है तो उसे पूरी सुविधा दी जाएगी।

सरमा ने यह भी कहा कि वह जुबीन का पार्थिव शरीर लेने खुद दिल्ली जाएंगे और वहां से विशेष विमान से शव गुवाहाटी लाया जाएगा। गायक का पार्थिव शरीर रविवार सुबह असम पहुंचने की संभावना है। जुबीन दो दिन पहले नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने सिंगापुर गए थे। यह तीन दिवसीय फेस्टिवल 19 सितंबर से शुरू हुआ था, जिसमें जुबीन 20 सितंबर को परफॉर्म करने वाले थे।

असम सरकार ने जुबीन के निधन पर 20 से 22 सितंबर तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस दौरान किसी भी प्रकार के सरकारी मनोरंजन, रात्रिभोज या औपचारिक समारोह आयोजित नहीं होंगे।

जुबीन गर्ग का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के तिनसुकिया जिले में हुआ था। वे गायक, संगीतकार, गीतकार, अभिनेता और निर्देशक रहे। उन्होंने असमिया, हिंदी, बांग्ला और अंग्रेजी समेत 40 भाषाओं और बोलियों में 38 हजार से ज्यादा गाने गाए। वे असम के सबसे अधिक फीस पाने वाले गायक माने जाते थे। जुबीन को बॉलीवुड में पहचान गैंगस्टर फिल्म के मशहूर गाने ‘या अली’ से मिली थी।

उनकी छोटी बहन जोंगकी बारठाकुर भी सिंगर थीं, जिनकी 23 साल पहले 18 साल की उम्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। 12 जनवरी 2002 को असम के सोनितपुर जिले में जोंगकी अपने भाई जुबीन के सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रही थीं, जब उनकी कार ट्रक से टकरा गई। उसी कार में जुबीन भी थे, लेकिन कुछ मिनट पहले ही वे दूसरी कार में शिफ्ट हो गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here