Fatehpur Accident: फतेहपुर में दर्दनाक हादसा: बारिश में ढहा कच्चा मकान, एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, चार घायल
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने सोमवार तड़के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव में सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों – 85 वर्षीय माधुरी देवी, उनके पुत्र मुकेश (50 वर्ष) और बहू रन्नो देवी (50 वर्ष) – की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण हादसे ने पूरे गांव में मातम पसर दिया।
हादसे के वक्त घर में सो रहे अन्य चार सदस्य – प्रखर (11 वर्ष), प्रकाशनी (13 वर्ष), क्षमता (22 वर्ष) और कामिनी (13 वर्ष) – मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी ले जाया गया। वहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रन्नो देवी ने भी दोपहर करीब 12 बजे दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या तीन हो गई।
घायलों में 13 वर्षीय बच्ची कामिनी की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके बाद उसे कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। परिवार के अन्य घायल सदस्य भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इस घटना ने ग्रामीणों के साथ-साथ पूरे जिले को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जैसे ही हादसे की सूचना प्रशासन को मिली, बिंदकी एसडीएम और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जिला अस्पताल में एडीएम अवनीश त्रिपाठी स्वयं पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से कई कच्चे मकान जर्जर हो चुके हैं, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बारिश से कमजोर हो चुके घरों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए, ताकि ऐसी और घटनाओं को रोका जा सके।



