Home देश दुनिया Faridabad Crime: चार साल की बेटी 50 तक गिनती नहीं लिख पाई,...

Faridabad Crime: चार साल की बेटी 50 तक गिनती नहीं लिख पाई, पिता की बेरहमी से पिटाई में मासूम की मौत

0
36

Faridabad Crime: चार साल की बेटी 50 तक गिनती नहीं लिख पाई, पिता की बेरहमी से पिटाई में मासूम की मौत

फरीदाबाद के झाड़सेंतली गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक चार साल की मासूम बच्ची की मौत उसके ही पिता की बेरहमी का नतीजा बन गई। सिर्फ इसलिए कि बच्ची 50 तक गिनती नहीं लिख पाई, पिता इस कदर गुस्से में आ गया कि उसने उसे इतना पीटा कि उसकी जान चली गई। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के खरंटिया गांव का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद के झाड़सेंतली गांव में किराए के मकान में रह रहा था। दंपती एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में सात साल का एक बेटा, चार साल की बेटी जिसकी मौत हो चुकी है और दो साल की एक छोटी बेटी है। कृष्णा नाइट शिफ्ट में काम करता था, जबकि उसकी पत्नी दिन में नौकरी पर जाती थी। दिन के समय घर पर रहकर बच्चों की देखभाल और पढ़ाई की जिम्मेदारी कृष्णा पर ही थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी चार साल की बेटी को घर पर ही पढ़ाता था, क्योंकि वह अभी स्कूल नहीं जाती थी। घटना वाले दिन बच्ची 50 तक गिनती नहीं लिख पाई, जिससे कृष्णा का आपा खो गया। गुस्से में उसने मासूम बच्ची की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। पिटाई इतनी ज्यादा थी कि बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने की कोशिश की। उसने अपनी पत्नी को फोन कर बताया कि बच्ची खेलते हुए सीढ़ियों से गिर गई है और उसे सरकारी अस्पताल लेकर जा रहा है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। जब मां अस्पताल पहुंची और बच्ची के शरीर पर चोट के कई निशान देखे, तो उसे पति की कहानी पर शक हुआ। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सेक्टर 58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जब आरोपी कृष्णा से सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने स्वीकार किया कि गिनती न लिख पाने के कारण गुस्से में आकर उसने बेटी को बहुत ज्यादा पीट दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

सेक्टर 58 थाना प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बच्चों पर बढ़ते दबाव और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here