Elvish Yadav House Attack: एल्विश यादव के घर फायरिंग कांड में दो और शूटर गिरफ्तार, हिमांशु भाऊ गैंग से कनेक्शन उजागर
गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित यूट्यूबर एल्विश यादव के आवास के बाहर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हुए हैं। आरोपियों की पहचान गौरव और आदित्य के रूप में हुई है, जो मूल रूप से फरीदाबाद के रहने वाले हैं।
गुरुग्राम में 17 अगस्त की सुबह करीब 5:30 बजे एल्विश यादव के घर के बाहर तीन बाइक सवार बदमाशों ने 20 से अधिक राउंड फायरिंग की थी। घटना के वक्त एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। हमले की जिम्मेदारी कुख्यात ‘भाऊ गैंग’ ने सोशल मीडिया पर ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी।
पुलिस की जांच में पाया गया कि गिरफ्तार किए गए गौरव और आदित्य ने ही उस दिन गोलियां चलाई थीं। सीसीटीवी फुटेज में भी दोनों हमलावरों की पहचान हो गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों को फायरिंग करने के लिए 50-50 हजार रुपये की रकम दी गई थी। यह रकम उन्हें नीरज फरीदपुरिया के जरिए उपलब्ध कराई गई थी, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा है।
इससे पहले शुक्रवार सुबह पुलिस ने फरीदपुर गांव के पास एक मुठभेड़ के बाद एक अन्य शूटर इशांत गांधी उर्फ ईशू को भी गिरफ्तार किया था। इशांत ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर गोलियां चलाई थीं, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैरों में गोली मारी और उसे दबोच लिया। घटना की सीसीटीवी फुटेज में इशांत गांधी को गोली चलाते हुए देखा गया था।
पुलिस का मानना है कि हिमांशु भाऊ गैंग ने इस फायरिंग कांड की साजिश रची थी और इसके जरिए गैंग ने अपनी मौजूदगी का डर दिखाने की कोशिश की। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे प्रकरण में और कौन-कौन लोग शामिल थे और किसके इशारे पर हमला कराया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों नए गिरफ्तार शूटरों से पूछताछ के बाद इस वारदात से जुड़े कई और राज खुल सकते हैं। इसके साथ ही गैंग के मास्टरमाइंड और विदेशी संपर्कों की भी जांच की जा रही है।


