Delhi Business Bill: ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल से जुड़े दावें खोखले : विपिन शर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली कैबिनेट ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल 2026 को मंजूरी दे दी है। दिल्ली सरकार का दावा है कि इस नए बिल के आने से राजधानी में कारोबार को सरल और पारदर्शी बनाया जा सकेगा। इसी विषय पर बात करते हुए रोहतास नगर से पूर्व विधायक विपिन शर्मा ने कहा कि जब तक यह बिल जमीनी स्तर पर लागू नहीं हो जाए तब तक इस बिल पर बात करना बेकार है। उन्होंने कहा कि अभी इस बिल को सिर्फ दिल्ली सरकार ने मंजूरी दी है, अभी इस विधेयक को मंजूरी के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय भेजा जाएगा और मंत्रालय द्वारा विधि मामलों के विभाग की राय लिए जाने की संभावना है क्योंकि इसमें कई कानूनी मुद्दे शामिल हैं। श्री शर्मा ने कहा कि यह बिल सिर्फ हवा हवाई है क्योंकि इस बिल को बनाने से पहले न तो कारोबारियों से कोई बातचीत की गई, न ही उनके सुझाव लिए गए, न ही उनसे यह जाना कि उनको किन किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है और सिस्टम में क्या क्या बदलाव की जरूरत है? सिर्फ एक बिल लाया गया और इसके ऊपर दिल्ली सरकार ने अपने झूठे लाभ मिलने वाले दावे कर दिए। उन्होंने कहा कि जब तक यह बिल जमीनी स्तर पर लागू न हो जाए और लोगों को इसका लाभ मिलना न शुरू हो जाए तब तक इस बिल के ऊपर बात करना व्यर्थ है। श्री शर्मा ने कहा कि वैसे भी दिल्ली सरकार की कथनी और करनी में बहुत फर्क है, दिल्ली सरकार कहती कुछ और है और करती कुछ और है। उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है तब से दिल्ली में काम कम हो रहे है और कार्य करने का दिखावा ज्यादा हो रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार के द्वारा जो भी दावे किए जाते हैं वह खोखले और झूठ ही साबित होते हैं चाहे वह जलभराव की समस्या को रोकने का दावा हो, प्रदूषण को कम करने का दावा हो इसलिए जब तक दिल्ली सरकार के किसी काम का लाभ लोगों तक न पहुंच जाए तब तक दिल्ली सरकार की किसी भी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को भ्रमित करने का काम ज्यादा करती है।



