Varanasi Majar Dispute: काशी में सड़क के बीच मजार को लेकर विवाद, हनुमान चालीसा पाठ को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

0
38

Varanasi Majar Dispute: काशी में सड़क के बीच मजार को लेकर विवाद, हनुमान चालीसा पाठ को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में धार्मिक स्थल को लेकर एक बार फिर सड़क पर तनाव नजर आया। शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसही इलाके में स्थित सैयद बाबा की मजार को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मजार के पास हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहते थे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर पाठ करने लगे और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए।

सड़क चौड़ीकरण के बाद मजार विवाद में

स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में हुए सड़क चौड़ीकरण के बाद यह मजार सड़क के बीच में आ गई है, जिससे यातायात में रुकावट और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसी को लेकर क्षेत्रीय निवासियों ने पूर्व बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। तुलसी विहार कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि मजार को हटवाने की मांग वे लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस की सख्ती, प्रदर्शन सड़क पर पहुंचा

दोपहर करीब 12:30 बजे जब प्रदर्शनकारी मजार स्थल पर हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया। इस पर नाराज़ होकर लोगों ने तुलसी विहार चौराहे पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और जमकर नारेबाज़ी की। इसके बाद मामले को गंभीर होते देख प्रशासन सतर्क हो गया।

तीन थानों की फोर्स और PAC तैनात

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पीएसी और तीन थानों की पुलिस—शिवपुर, कैंट और लालपुर-पांडेयपुर की टीम तैनात की गई। एसीपी कैंट नितिन तनेजा, शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा और अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह बनी हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

ज्ञापन सौंपा, 10 दिन का अल्टीमेटम

प्रदर्शनकारियों ने तहसीलदार सदर संत विजय सिंह को एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि मजार को दस दिन के भीतर हटाया जाए, अन्यथा क्षेत्रीय लोग बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में अधिवक्ता विनीत सिंह, कौशलेंद्र सिंह, सुधीर पाल, पंकज सिंह और पवन सिंह राजपूत शामिल थे।

प्रशासन अलर्ट, स्थिति नियंत्रण में

पुलिस और प्रशासन ने हालात को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की है। शिवपुर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल कोई अप्रिय घटना नहीं घटी है और माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है। प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश में जुटा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here