Home क्राइम Delhi stabbing: दिल्ली के जैतपुर में चाकूबाजी, 21 साल के युवक की...

Delhi stabbing: दिल्ली के जैतपुर में चाकूबाजी, 21 साल के युवक की मौत, सोशल मीडिया विवाद बना हत्या की वजह

0
41

Delhi stabbing: दिल्ली के जैतपुर में चाकूबाजी, 21 साल के युवक की मौत, सोशल मीडिया विवाद बना हत्या की वजह

दिल्ली के जैतपुर इलाके में देर रात चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें 21 साल के युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। यह वारदात 15 जनवरी की रात करीब 11:18 बजे की बताई जा रही है, जब पुलिस को इलाके में झगड़े की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह झगड़ा दो पक्षों के बीच निजी विवाद का नतीजा था, जिसकी शुरुआत सोशल मीडिया से हुई थी। पीड़ित पक्ष के युवक प्रिंस ने पुलिस को बताया कि आरोपी दीपक उसे सोशल मीडिया पर लगातार परेशान कर रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने बैठकर बात करने का फैसला हुआ और रात करीब 11 बजे जैतपुर इलाके में मुलाकात तय हुई।

मुलाकात के दौरान पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस हमले में 21 साल के कृष्णा साहू को सीने, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना में कृष्णा के साथी सनी को पेट और जांघ में गंभीर चोटें आईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि प्रिंस को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाए और CCTV फुटेज के साथ फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच तेज की।

जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 24 साल का आशीष शामिल है, जो मीठापुर गांव का रहने वाला है और पेशे से ग्राफिक डिजाइनर बताया जा रहा है। वहीं दूसरा आरोपी 17 साल का नाबालिग है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here