दिल्ली में जलभराव को रोकने हेतु दिल्ली सरकार के प्रयास हुए सफल : रीना माहेश्वरी
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : मानसून के दौरान जलभराव को रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने युद्धस्तर पर जमीन पर काम किया है। इसी विषय पर बात करते हुए अशोक नगर वार्ड की निगम पार्षद रीना माहेश्वरी ने कहा कि दिल्ली की जनता को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने शहरभर में 200 टीमों और अतिरिक्त मोबाइल पंपों को तैनात किया है। रीना माहेश्वरी ने बताया कि 445 से अधिक संवेदनशील स्थानों (वाटरलॉगिंग हॉट स्पॉट्स) पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है और 34 लाख टन से अधिक गाद निकाल कर नालों की सफाई की गई है। उन्होंने बताया कि अंडरपास में पानी निकालने के लिए पंप हाउसों की संख्या 157 से बढ़ाकर 167 कर दी गई है और कुल 754 पंप लगाए गए हैं। रीना माहेश्वरी ने बताया कि जलभराव वाले चिह्नित प्रत्येक स्थान के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है और 200 रखरखाव टीमें अपने अपने क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान करेंगी। उन्होंने बताया कि सभी टीमों को जलभराव हटाने और नालों के मुहाने की सफाई के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। रीना माहेश्वरी ने बताया कि यदि पंप शुरू करने के बाद भी पानी का स्तर लगातार बढ़ता रहता है तो नियंत्रण कक्ष प्रभावित अंडरपास में यातायात रोकने के लिए यातायात पुलिस को सूचित करेगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) को स्थिति की जानकारी दी जाएगी और बसों का मार्ग बदलने की सलाह दी जाएगी। रीना माहेश्वरी ने कहा कि दिल्ली की जनता को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम दोनों ने ही बहुत पहले से तैयारी शुरू कर दी थी और जलभराव की समस्या को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य पूरी तेजी से चल रहा था जिसका नतीजा हमें देखने को भी मिला और दिल्ली में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिली। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम दिल्ली की जनता को जलभराव की समस्या से पूरी राहत दिलाने के लिए हर संभव कार्य कर रही है।



