दिल्ली सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हुई होती तो प्रचार प्रसार करने की जरूरत नहीं पड़ती: विपिन शर्मा
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली सरकार ने सेवा संकल्प अभियान के तहत दिल्ली सरकार की योजनाओं का प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आईटीओ मेट्रो स्टेशन से विशेष रूप से रैप की गई रैप्ड मेट्रो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। रैप्ड मेट्रो ट्रेनों के बाहरी हिस्से पर विज्ञापन या योजनाओं के संदेशों वाली विशेष शीट लगाई जाती है। इसी विषय पर बात करते हुए रोहताश नगर के पूर्व विधायक विपिन शर्मा ने कहा कि अगर दिल्ली सरकार की योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हुई होती तो दिल्ली सरकार को अपनी योजनाओं का प्रचार प्रसार करने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी सरकार किसी भी योजना को लागू करती है तो वह जनहित के लिए करती है, लोगों के लिए करती है और अगर किसी सरकार को खुद अपनी योजनाओं का प्रचार प्रसार करना पड़े तो इसका सीधा सीधा मतलब यह है कि उसकी योजनाएं सिर्फ हवा हवाई ही है, धरातल पर नहीं है और यह एक सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है, सबसे बड़ी विफलता है। श्री शर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार के लिए यह तो बहुत ही शर्म की बात है कि जो बड़ी बड़ी घोषणाएं वह करते है, जनता को उनके बारे में पता ही नहीं है और वैसे भी पता तो तब होगा न जब लोगों तक उन योजनाओं का कोई लाभ पहुंचा होगा। उन्होंने कहा की दिल्ली सरकार का मुख्य काम योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना नहीं है बल्कि सिर्फ अपना प्रचार प्रसार करना है, दिखावा करना है तभी तो अपने प्रचार प्रसार में दिल्ली सरकार इतने लाखों रुपए खर्च कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि अगर यही पैसा वह लोगों के लिए खर्च करती, जनता के हित में खर्च करती तो शायद उन्हें अपनी योजनाओं के बारे में लोगों को बताना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को यह बात समझनी पड़ेगी की जो चीज स्पष्ट होती है उसे साबित करने की जरूरत नहीं पड़ती और जो कार्य कभी किया ही न हो उसका कितना ही ढिंढोरा पीट लो वो साबित नहीं हो सकता।



