प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली सरकार लगातार उठा रही कदम : राजकुमार बल्लन
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : राजधानी दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण और स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए ट्रिपल इंजन सरकार लगातार कदम उठा रही है। प्रदूषण की निगरानी को मजबूत बनाने के लिए 13 नए सीएएक्यूएमएस स्टेशन शुरू किए गए हैं। इससे हवा में पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर पर नजर रखने और प्रदूषण की स्थिति का अधिक सटीक आकलन करने में मदद मिलेगी। यह कहना है दिल्ली प्रदेश किसान मोर्चा के प्रभारी राजकुमार बल्लन का। श्री बल्लन ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण की निगरानी और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए शास्त्री पार्क में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) शुरू किया गया है। यहां से दिल्ली भर में प्रदूषण की स्थिति पर नजर रखने के साथ संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। एआई कैमरों, रियल-टाइम डेटा और जीपीएस तकनीक की मदद से प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र को प्रदूषण के खिलाफ अभियान में वार रूम की तरह विकसित किया गया है। केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली में स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण के लिए लगातार काम किया जा रहा है। बल्लन ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी इस केंद्र का दौरा कर प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे थे। बल्लन ने कहा कि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए दिल्ली के प्रत्येक जिले में जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के लिए सचिव स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग जिलों का नोडल बनाया गया है। इससे प्रदूषण के स्रोतों की पहचान करने, निगरानी बढ़ाने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।



