Delhi: मुनक नहर में नहाने गए चार किशोर डूबे, दो की मौत, दो की तलाश जारी
दिल्ली के बवाना इलाके में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया जब गर्मी से राहत पाने के लिए मुनक नहर में नहाने गए चार किशोरों में से दो की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश देर रात तक जारी रही। यह हादसा सीआईएसएफ कैंप के पीछे मुनक नहर में हुआ।
डूबने वालों में दो सगे भाई — 17 वर्षीय जावेद और शावेज खान शामिल हैं, जिनका देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग पाया था। वहीं, 13 वर्षीय समद और सुहैल के शव गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान नहर से निकाल लिए। सभी किशोर गाजियाबाद के लोनी इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
समद के परिजनों के अनुसार वह कटेवरा स्थित गौशाला में काम करता था और अन्य किशोरों के साथ मवेशियों के लिए घास लेने गया था। दोपहर करीब 12 बजे तेज गर्मी की वजह से सभी किशोर नहर में नहाने लगे। इसी दौरान एक किशोर गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के लिए अन्य तीन भी पानी में उतर गए और सभी डूबने लगे।
स्थानीय लोगों ने डूबते बच्चों को देख तुरंत पुलिस को सूचना दी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ। पुलिस और दमकल की टीम मौके पर समय से पहुंच गई थी, लेकिन एनडीआरएफ और गोताखोर काफी देर से पहुंचे।
वोट क्लब के पांच गोताखोरों ने नहर में लगभग आधे घंटे तक अभियान चलाकर दो शव बरामद किए, जबकि अन्य दो की तलाश के लिए लगभग पांच किलोमीटर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बारिश के चलते नहर में पानी का बहाव तेज और गहराई ज्यादा थी, जिससे रेस्क्यू में परेशानी आई।
वोट क्लब इंचार्ज हरीश के मुताबिक सर्च ऑपरेशन को आगे बढ़ाते हुए जरूरत पड़ने पर हैदरपुर वाटर प्लांट तक अभियान चलाया जाएगा।


