Delhi Crime: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने पैन इंडिया ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी का किया खुलासा, चार बड़े साइबर ठग गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की आईएससी टीम ने पैन इंडिया स्तर पर फैले एक बड़े ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार मुख्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय था और फर्जी ट्रेडिंग ऐप, नकली आईपीओ स्कीम और हाई-वॉल्यूम म्यूल बैंक खातों के जरिए आम लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था। जांच के दौरान सामने आया है कि इस साइबर फ्रॉड नेटवर्क से 300 से अधिक एनसीआरपी साइबर क्राइम शिकायतें जुड़ी हुई हैं, जिससे इस गिरोह के बड़े और संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी शेल कंपनियों और फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल करते थे। इन खातों के जरिए निवेश के नाम पर लोगों से पैसा जमा कराया जाता था और फिर उसे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर निकाल लिया जाता था। आरोपी सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को मोटे मुनाफे का लालच देकर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और आईपीओ में निवेश के लिए फंसाते थे। कई पीड़ितों को शुरुआती दौर में थोड़ा मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता जाता था और बाद में बड़ी रकम हड़प ली जाती थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी तकनीकी रूप से काफी शातिर थे और अपने डिजिटल ट्रेल को छिपाने के लिए अलग-अलग राज्यों में बैंक खाते, सिम कार्ड और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करते थे। क्राइम ब्रांच की आईएससी टीम ने तकनीकी सर्विलांस, बैंक ट्रांजेक्शन एनालिसिस और एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर इस पूरे नेटवर्क को ट्रैक किया और आखिरकार चार प्रमुख साइबर ठगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।


