Delhi: सुल्तानपुर माजरा से चार बार विधायक रहे कांग्रेस नेता जय किशन का निधन

0
23

Delhi: सुल्तानपुर माजरा से चार बार विधायक रहे कांग्रेस नेता जय किशन का निधन

नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता जय किशन का 66 वर्ष की उम्र में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। बुधवार देर रात उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उन्हें संजय गांधी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जय किशन के निधन से न केवल कांग्रेस पार्टी, बल्कि दिल्ली की पूरी राजनीतिक बिरादरी में शोक की लहर है। उनके अंतिम दर्शन के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग गुरुवार सुबह से ही उनके आवास पर पहुंचने लगे। मंगोलपुरी स्थित वाई ब्लॉक शवदाह गृह में आज दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया।

जय किशन दिल्ली के एक अनुभवी और जनप्रिय नेता माने जाते थे। उन्होंने 1993, 2003, 2008 और 2013 में सुल्तानपुर माजरा सीट से विधायक के रूप में जीत दर्ज की थी। खास बात यह रही कि जब 2013 में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा, तब भी उन्होंने अपनी सीट बचाई। वे सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहते थे और गरीब तबके की आवाज़ बनकर विधानसभा में उठते थे।

कांग्रेस के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। पार्टी ने उन्हें एक ईमानदार, समर्पित और जमीन से जुड़े नेता के रूप में याद किया। कांग्रेस दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “जय किशन जी का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वे हमेशा जनता के बीच रहते थे और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे।”

जय किशन दिल्ली की राजनीति में एक ऐसा नाम थे, जिन्होंने स्थानीय राजनीति को समझते हुए वर्षों तक अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ बनाए रखी। उनका जाना दिल्ली कांग्रेस के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

उनकी राजनीतिक यात्रा, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here