Cuttack Violence: कटक में मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल, छतों से पथराव, हाईवे पर आगजनी, DCP समेत कई घायल, इंटरनेट सेवा 24 घंटे बंद
ओडिशा के कटक में दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान शनिवार रात को दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसके बाद पूरे शहर में तनाव फैल गया है। यह घटना देर रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच हुई जब मूर्ति विसर्जन के लिए जा रही शोभायात्रा काठजोड़ी नदी की ओर बढ़ रही थी। झगड़ा उस समय शुरू हुआ जब कुछ स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा में तेज आवाज में बज रहे संगीत पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
कटक के डीसीपी ऋषिकेश ने बताया कि बहस इतनी बढ़ गई कि लोगों ने छतों से शोभायात्रा पर पथराव करना शुरू कर दिया और शीशे की बोतलें फेंकीं, जिससे कई लोग घायल हो गए। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई वाहन, दुकानें और सड़क किनारे के स्टॉल क्षतिग्रस्त हो गए। झड़प में डीसीपी सहित कई पुलिसकर्मी और नागरिक घायल हुए हैं। पुलिस ने अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस बीच, हिंसा को देखते हुए कटक प्रशासन ने शहर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद करने का आदेश जारी किया है। मोबाइल डेटा, ब्रॉडबैंड और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाया गया है ताकि अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके। कटक के डीएम ने कहा कि यह कदम शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है।
कटक के सहायक फायर अधिकारी संजीव कुमार बेहरा ने बताया कि दंगाइयों ने गौरी शंकर पार्क के पास आठ से दस स्थानों पर आगजनी की। फायर ब्रिगेड की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जबकि दंगाई मौके पर फायर कर्मियों और पुलिस पर भी पथराव करते रहे। शहर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी की गई है।
तनावपूर्ण माहौल के बीच विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने छह अक्टूबर को कटक बंद का ऐलान किया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की चेतावनी दी है। स्थिति पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल पूरे क्षेत्र में तैनात हैं।



