विधायक संजय गोयल की पहल पर उद्यमियों के साथ रचनात्मक संवाद
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : केंद्रीय बजट 2026 के उपरांत उद्योग, एवं उद्यमिता से जुड़े वर्गों के साथ सकारात्मक और भविष्य परक संवाद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संजय गोयल, विधायक, शाहदरा विधानसभा की पहल पर एक विशेष कार्यक्रम “बजट चौपाल” का आयोजन विवेक विहार स्थित ओसवाल भवन में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय बजट 2026 में उद्योग, निवेश, नवाचार एवं MSME क्षेत्र के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तृत और रचनात्मक चर्चा करना रहा। बजट चौपाल में क्षेत्र के अनेक उद्यमियों, उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संजय गोयल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उद्योग और MSME सेक्टर को आर्थिक विकास का प्रमुख आधार मानते हुए निरंतर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। ऐसे संवादात्मक मंच जनप्रतिनिधियों और उद्यमियों के बीच आपसी समझ और सहयोग को और अधिक मजबूत करते हैं। इस अवसर पर प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. अनिल गुप्ता, चेयरमैन – झिलमिल फ्रेंड्स कॉलोनी CETP सोसायटी एवं फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 में उद्योग एवं MSME क्षेत्र के लिए कई सकारात्मक संकेत दिखाई देते हैं।
उन्होंने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने वाली नीतियाँ आने वाले समय में रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएँगी। डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि बजट चौपाल जैसे कार्यक्रम उद्योग जगत को बजट की दिशा और मंशा को समझने का अवसर प्रदान करते हैं तथा भविष्य की औद्योगिक रणनीतियों पर सार्थक विमर्श का मंच बनते हैं। उन्होंने विधायक संजय गोयल द्वारा की गई इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों और उद्योगपतियों ने बजट 2026 में निहित संभावनाओं, निवेश के नए अवसरों तथा स्थानीय उद्योगों के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
चर्चा का वातावरण पूरी तरह सकारात्मक, विकासोन्मुख और भविष्य पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम विधायक संजय गोयल की पहल पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य उद्यमियों को नीति संवाद से जोड़ना और केंद्रीय बजट से संबंधित जानकारियों को जन-जन तक पहुँचाना रहा। उपस्थित प्रतिभागियों ने इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की आवश्यकता जताई। संजय गोयल के कार्यालय की ओर से सभी अतिथियों, वक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।



