सत्य के साथ • आपके साथशुक्रवार, 27 नवंबर 2026
ADVERTISEMENTविज्ञापन के लिए संपर्क करेंCPN NEWS • YOUR BRAND HERE
ताज़ा खबर
Guru Nanak Dev Ji Prakash Purab: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर डॉ. गुरमीत सिंह सूरा ने वृद्धजनों के बीच मनाया सेवा पर्वYamuna river cleaning: यमुना सफाई की दिशा में सरकार के प्रयास सराहनीय : दर्शन सिंहDelhi skill development center: युवाओं और महिलाओं को रोज़गार से जोड़ने के दिल्ली सरकार के प्रयास शानदार : प्रवेश शर्माPolice Company Fardeen Khan: राम गोपाल वर्मा की फिल्म से फरदीन खान का डार्क लुक हुआ लीकRewa Gurukul Hostel Death: रीवा के गुरुकुल छात्रावास में 13 साल के छात्र की मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंकाJamia Show Cause Notice: कैंपस में प्रदर्शन करने वाले 12 छात्रों को जामिया ने भेजा कारण बताओ नोटिसOm Kumar Election Cancelled: नहटौर से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कियाTamil Nadu Paternity Leave: पुरुष सरकारी कर्मचारियों को पहली बार 15 दिन का पितृत्व अवकाश, सीएम विजय का फैसला

राहुल के समर्थन में देशभर में कांग्रेस का ‘सत्याग्रह’, भाजपा नीत सरकार की आलोचना की

5 मिनट पढ़ें
Advertisement

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेता राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ रविवार को देशभर में ‘संकल्प सत्याग्रह’ किया। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी पर ‘मोदी उपनाम’ संबंधी टिप्पणी के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग का अपमान करने का आरोप लगाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना की और सवाल किया कि जब नीरव मोदी और ललित मोदी जैसे भगोड़े लोगों की आलोचना की जाती है तो सत्ताधारी पार्टी को दर्द क्यों होता है। दिल्ली में, पुलिस ने कांग्रेस को राजघाट पर ‘सत्याग्रह’ करने की अनुमति नहीं दी और गुजरात में पुलिस ने प्रदर्शन करने पर कई पार्टी पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया। राष्ट्रीय राजधानी में पुलिस ने राजघाट पर सत्याग्रह की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इसके बाद पार्टी ने अपने एक दिवसीय ‘सत्याग्रह’ के लिए महात्मा गांधी के स्मारक के बाहर एक मंच लगाया।

इस बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा कि देश को जोड़ने के लिए हज़ारों किलोमीटर चलने वाला व्यक्ति एवं शहीद प्रधानमंत्री का बेटा कभी देश का अपमान नहीं कर सकता। उन्होंने अपने पिता एवं दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए यह बात कही, जिनकी 1991 में हत्या कर दी गई थी। वाद्रा यहां महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर एक सभा को संबोधित कर रही थीं। प्रियंका ने कहा कि समय आ गया है कि “अहंकारी सरकार” के खिलाफ आवाज उठाई जाए क्योंकि राहुल गांधी को चुनाव लड़ने से रोकना देश और इसके लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि उद्योगपति गौतम अडाणी को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल पूछने के लिए राहुल गांधी को अयोग्य ठहराया गया है और जनता इस कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों को करारा जवाब देगी।

राजघाट के बाहर ‘संकल्प सत्याग्रह’ में जमा हुए लोगों से वाद्रा ने कहा, ‘‘ मेरे परिवार ने खून से इस देश में लोकतंत्र को सींचा है। हम इस देश में लोकतंत्र के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। कांग्रेस के महान नेताओं ने इस देश में लोकतंत्र की नींव रखी है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ समय आ गया है और हम अब चुप रहने वालों में से नहीं हैं।’’ वाद्रा ने पूछा कि क्या शहीद प्रधानमंत्री का बेटा देश का अपमान कर सकता है और कहा, ‘‘ यह उस प्रधानमंत्री का अपमान है जिसने बलिदान दिया है।’’ इस बीच, खरगे ने राहुल गांधी पर 2019 में अपनी टिप्पणी से ओबीसी का अपमान करने का आरोप लगाने के लिए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘वे अब ओबीसी की बात करते हैं, क्या ललित मोदी ओबीसी है, क्या नीरव मोदी ओबीसी है, क्या मेहुल चोकसी ओबीसी है, वो लोगों का पैसा लेकर भाग गए। अगर वे भगोड़े हैं तो उनकी आलोचना होने पर आपको दर्द क्यों होता है । आप उस व्यक्ति को दंडित करते हैं जो देश को बचाने के लिए काम करता है और देश को लूटने वालों को विदेश भेज देते हैं।’’

Advertisement

उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल एक सत्याग्रह है लेकिन देश भर में ऐसे कई सत्याग्रह होंगे। संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी को बचाने के लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी, हम देंगे।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी इस देश की जनता, महिलाओं एवं युवाओं के लिए तथा बेरोजगारी एवं महंगाई के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।’’ खरगे ने कहा कि भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लगता है कि उनकी पार्टी कमजोर है लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि ‘‘अगर कोई अहंकार से हमें कुचलने की कोशिश करेगा तो हम मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘आप उन पर मामले दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने जो कहा, वह चुनावों में कहा था और इसका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था, लेकिन कोलार में जो कहा गया उसके लिए उन्होंने सूरत में मामला दर्ज कराया। अगर आप में हिम्मत होती तो आपको कर्नाटक में यह मामला दर्ज कराना चाहिए था।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल को रोकना चाहती है क्योंकि उन्हें डर है कि वह संसद में फिर से अडाणी का मुद्दा उठाएंगे। केरल की वायनाड सीट से लोकसभा सदस्य राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा 2019 के मानहानि के एक मामले में दो साल जेल की सजा सुनाये जाने के मद्देनजर शुक्रवार को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहरा दिया गया। लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि अयोग्यता संबंधी आदेश 23 मार्च से प्रभावी होगा। उल्लेखनीय है कि सूरत की एक अदालत ने यह फैसला ‘‘मोदी उपनाम’’ संबंधी टिप्पणी को लेकर दिया था। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और गुजरात जैसे कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध में हिस्सा लिया।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया?

आपकी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *