Shashi Tharoor: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने 9/11 मेमोरियल पर आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता की अपील की
सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के नेता और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा है कि भारत पर हमला करने वाली दुष्ट ताकतों के खिलाफ देश चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने वैश्विक समुदाय से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर सामूहिक रूप से संघर्ष करने की अपील की। यह बात थरूर ने न्यूयॉर्क स्थित 9/11 मेमोरियल के बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
थरूर ने कहा कि 9/11 मेमोरियल की यह यात्रा एक गंभीर स्मरण है कि जिस प्रकार अमेरिका आतंकवाद का शिकार हुआ, ठीक उसी तरह भारत भी आतंकवादी हमलों के दर्दनाक घावों को बार-बार झेल चुका है। उन्होंने कहा, “इस मार्मिक स्मारक में जो घावों के निशान दिख रहे हैं, हम भी उन्हीं घावों को सहे हैं। हम यहां एकजुटता की भावना के साथ आए हैं और यह भी कहने आए हैं कि आतंकवाद के खिलाफ हमारा मिशन एक साझा मिशन है।”
यह प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में अमेरिका में है और इसके बाद गुयाना, पनामा, ब्राजील और कोलंबिया का दौरा करेगा। थरूर ने बताया कि इन देशों में भी वे आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकजुटता की जरूरत को समझाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “जैसे अमेरिका ने 9/11 के बाद साहस और संकल्प दिखाया, वैसे ही भारत भी 22 अप्रैल को हुए हमले के बाद मजबूत होकर खड़ा हुआ है। हमें उम्मीद है कि इस हमले के दोषियों और उन्हें ट्रेनिंग, फंडिंग और हथियार देने वालों ने इससे कुछ सबक लिया होगा। लेकिन हम साफ कर देना चाहते हैं कि अगर ऐसी घटना दोबारा हुई तो हम चुप नहीं बैठेंगे।”
शशि थरूर का यह बयान भारत की सुरक्षा और आतंकवाद के विरुद्ध वैश्विक सहयोग की जरूरत को रेखांकित करता है। यह प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद के विरुद्ध भारत के कड़े रुख और अपने संदेश को दुनिया के सामने रखने के उद्देश्य से यात्रा कर रहा है।



