कमर्शियल गैस दाम में भारी बढ़ोतरी पर कांग्रेस का हमला महेंद्र भास्कर बोले “जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही सरकार”
नई दिल्ली (रविंद्र कुमार ): कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया 76 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी को लेकर राजधानी की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस करोल बाग जिला अध्यक्ष महेंद्र भास्कर ने केंद्र में मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे आम जनता, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग के साथ सीधा अन्याय करार दिया है। उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता पर यह वृद्धि किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है। भास्कर ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां आम आदमी को राहत देने के बजाय उसे और आर्थिक संकट में धकेल रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव खत्म होते ही इस तरह की कीमतों में उछाल सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है और यह जनता के विश्वास के साथ धोखा है। जिला अध्यक्ष महेंद्र भास्कर ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में हुई भारी वृद्धि की कड़ी निंदा की। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत ₹1,740.50 थी, जो 1 मई 2026 को बढ़कर ₹3,071.50 तक पहुंच गई है।

भास्कर ने कहा कि यह लगभग 76 प्रतिशत की बढ़ोतरी है, जो किसी भी लिहाज से न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियां तेल और गैस कंपनियों को फायदा पहुंचाने वाली हैं, जबकि आम जनता और छोटे व्यवसायों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर छोटे रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग व्यवसाय और हलवाई जैसे काम करने वालों पर पड़ेगा, जिनकी लागत अचानक बढ़ जाएगी। इसके चलते खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में बढ़ोतरी होना तय है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ता को उठाना पड़ेगा। महेंद्र भास्कर ने यह भी कहा कि मध्यम और लघु उद्योग (MSME) पहले से ही आर्थिक दबाव में हैं और ऐसी वृद्धि उनके लिए अस्तित्व का संकट पैदा कर सकती है। उन्होंने मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और वैश्विक कारणों को स्वीकार करते हुए कहा कि इसके बावजूद सरकार के पास टैक्स में कटौती या सब्सिडी के जरिए राहत देने के विकल्प मौजूद हैं, लेकिन सरकार ऐसा करने में विफल रही है।भास्कर ने केंद्र सरकार से मांग की कि कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई इस बेतहाशा बढ़ोतरी को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, ताकि आम जनता और छोटे कारोबारियों को राहत मिल सके।



