Coldrif cough syrup ban: MP में Coldrif कफ सिरप बैन, 9 बच्चों की मौत के बाद कड़ा एक्शन, CM मोहन यादव बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में 30 दिनों के भीतर 9 बच्चों की मौत के बाद राज्य सरकार ने Coldrif कफ सिरप की पूरी मध्यप्रदेश में बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही सिरप बनाने वाली कंपनी के अन्य उत्पादों की बिक्री पर भी रोक लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “छिंदवाड़ा में Coldrif सिरप के कारण हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”
स्थानीय प्रशासन ने पहले ही Coldrif और Nextro-DS सिरप पर जिला-व्यापी प्रतिबंध लगाया था। अब राज्य स्तर पर विशेष जांच टीम गठित की गई है, जो सिरप के वितरण, आपूर्ति चेन और चिकित्सकों की भूमिका की गहन जांच करेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और सैंपल जांच में सहयोग कर रही है।
मृतकों में शिवम, विधि, अदनान, उसैद, ऋषिका, हेतांश, विकास, चंचलेश और संध्या शामिल हैं। बच्चों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों को चेतावनी दी है कि कोई भी दवा बिना डॉक्टर की सलाह के न दें। जिले में 1,400 से अधिक बच्चों की स्क्रीनिंग अभियान जारी है ताकि संभावित प्रभावित बच्चों को समय रहते पहचाना जा सके।



