BSNL 4G Launch: BSNL 4G लॉन्च 2025: पीएम मोदी ने 97,500 टावर्स का उद्घाटन कर आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ाया बड़ा कदम
भारत की दूरसंचार यात्रा में का दिन ऐतिहासिक बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा से BSNL के 97,500 से ज्यादा 4G टावर्स और स्वदेशी 4G स्टैक का औपचारिक उद्घाटन किया। इस बड़े कदम के साथ भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो गया है, जो 4G नेटवर्क से जुड़े हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर को पूरी तरह खुद विकसित और सप्लाई करने में सक्षम हैं। अब तक इस सूची में केवल स्वीडन, डेनमार्क, चीन और दक्षिण कोरिया जैसे देश शामिल थे।
इस परियोजना पर करीब 37,000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। BSNL का नया 4G नेटवर्क न केवल 100% सैचुरेशन कवर करेगा बल्कि इसे भविष्य में आसानी से 5G नेटवर्क में अपग्रेड भी किया जा सकेगा। अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में BSNL की 5G सेवाएं इस साल के अंत तक शुरू हो जाएंगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मौके को भारत की डिजिटल यात्रा में “ऐतिहासिक क्षण” बताते हुए कहा कि BSNL के 98,000 साइट्स पर स्वदेशी 4G स्टैक के रोलआउट से देश का कोई भी हिस्सा अब डिजिटल कनेक्टिविटी से वंचित नहीं रहेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस लॉन्च से ग्रामीण भारत में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अब गांवों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, ऑनलाइन शिक्षा और रोजगार के अवसरों तक आसानी से पहुंच मिलेगी। यह कदम “डिजिटल इंडिया मिशन” और “आत्मनिर्भर भारत” दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
स्वदेशी 4G स्टैक को तीन प्रमुख भारतीय कंपनियों ने मिलकर तैयार किया है—C-DOT (कोर टेक्नोलॉजी), Tejas Networks (रेडियो एक्सेस नेटवर्क) और TCS (सिस्टम इंटीग्रेशन)। यह पूरी तरह से Made in India तकनीक पर आधारित है। कई टावर्स सोलर पावर से चलेंगे, जिससे यह नेटवर्क पर्यावरण के लिए भी टिकाऊ साबित होगा।
मध्य प्रदेश में BSNL के 4,679 नए टावर्स लगाए गए हैं। इनमें से 1,223 साइट्स डिजिटल भारत निधि योजना के तहत पहले ही लगाई जा चुकी हैं, जिससे 1,656 गांवों को पहली बार मोबाइल कनेक्टिविटी मिली है। BSNL ने जानकारी दी है कि मार्च 2026 तक 247 और टावर्स लगाए जाएंगे। इसके साथ ही भारतनेट प्रोजेक्ट के तहत राज्यभर में 65,509 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया जा रहा है ताकि 22,858 ग्राम पंचायतों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंच सके।
डिजिटल भारत निधि योजना के तहत अब तक 18,900 टावर्स लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 14,180 BSNL ने खुद लगाए। इनसे अब तक 26,700 गांवों को जोड़ा गया और 20 लाख से अधिक लोगों को डिजिटल कनेक्टिविटी का लाभ मिला है।
BSNL ने अपने ग्राहकों से अपील की है कि जो अभी भी 2G या 3G SIM इस्तेमाल कर रहे हैं, वे मुफ्त 4G SIM के लिए BSNL ग्राहक सेवा केंद्रों या अधिकृत रिटेलर्स पर अपग्रेड करें।
BSNL की 25वीं वर्षगांठ पर यह लॉन्च सिर्फ एक तकनीकी उन्नति नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत की ओर एक और निर्णायक कदम है। यह परियोजना भारत को डिजिटल भविष्य की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखती है।



