Home देश दुनिया मॉस्को से आ रहा विमान 15 घंटे जामनगर रुकने के बाद आखिरकार...

मॉस्को से आ रहा विमान 15 घंटे जामनगर रुकने के बाद आखिरकार पहुंचा गोवा

0
143

गुजरात के जामनगर हवाई अड्डे पर इमर्जेंसी में उतरने वाला एयरलाइन ‘अज़ूर एयर’ का विमान मंगलवार दोपहर गोवा पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि विमान में बम होने की धमकी मिलने के बाद उसे सोमवार रात गुजरात के जामनगर हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतारा गया था। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड और स्थानीय पुलिस के दलों ने विमान की तलाशी ली, जिसमें कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ। सूत्रों ने बताया कि हवाई अड्डे पर 15 घंटे तक रुकने के बाद विमान ने आज दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर जामनगर हवाई अड्डे से उड़ान भरी।

हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान दोपहर दो बजकर 39 मिनट पर गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर उतरा। अधिकारियों ने बताया कि विमान में 236 यात्री और आठ चालक दल के सदस्य सवार थे। विमान में बम होने की धमकी मिलने के बाद सोमवार रात नौ बजकर 49 मिनट पर आपात स्थिति में उसे जामनगर हवाई अड्डे पर उतारा गया। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिन्होंने हवाई अड्डे के ‘लॉउंज’ में रात गुजारी।
जामनगर के पुलिस अधीक्षक प्रेमसुख डेलू ने बताया कि स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अहमदाबाद और दिल्ली के एनएसजी के दलों ने यात्रियों के सामान समेत विमान की तलाशी ली, जो मंगलवार को सुबह पूरी हुई। विमान में कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। डेलू ने बताया कि स्थानीय पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने सोमवार रात विमान की तलाशी शुरू की। बाद में आधी रात को अहमदाबाद से एक एनएसजी दल पहुंचा और दिल्ली से एनएसजी का एक और दल तड़के करीब तीन बजे हवाई अड्डे पर पहुंचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here