Boeing Plane Fire: डेनवर एयरपोर्ट पर बोइंग 737 मैक्स 8 विमान में आग, लैंडिंग गियर फेल, बड़ा हादसा टला
अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट में टेकऑफ के दौरान अचानक लैंडिंग गियर फेल हो गया और विमान के पिछले हिस्से में आग लग गई। यह विमान बोइंग 737 मैक्स 8 मॉडल था, जो डेनवर से मियामी के लिए रवाना होने वाला था। हादसा दोपहर 2:45 बजे (भारतीय समयानुसार रात 2:15 बजे) हुआ। विमान में 173 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे।
लैंडिंग गियर में गड़बड़ी के कारण पायलट को टेकऑफ रोकना पड़ा और विमान को रनवे पर ही इमरजेंसी ब्रेक के जरिए रोकना पड़ा। इसी दौरान विमान के पिछले हिस्से में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। पायलट की सूझबूझ और फ्लाइट क्रू की तत्परता से सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद 6 यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिनमें से एक को एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमेरिकन एयरलाइंस और FAA (फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन) ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लैंडिंग गियर में तकनीकी फॉल्ट और रनवे पर घर्षण के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना ने बोइंग विमान की विश्वसनीयता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि ठीक एक महीने पहले 12 जून को भारत के अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान टेकऑफ के दो मिनट बाद ही क्रैश हो गया था, जिसमें 270 लोगों की मौत हो गई थी। उस हादसे ने वैश्विक स्तर पर बोइंग विमानों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा की थी।
बोइंग 737 मैक्स सीरीज पहले भी कई विवादों में रह चुकी है। 2018 और 2019 में दो बड़े हादसों के बाद इस सीरीज के विमानों की उड़ानें दुनियाभर में अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं। उसके बाद से कंपनी ने सुरक्षा सुधारों के दावे किए थे, लेकिन हाल की घटनाएं इन दावों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा कर रही हैं।
अमेरिकन एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कंपनी FAA के साथ मिलकर तकनीकी जांच कर रही है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



