बंगाल में भाजपा की जीत ऐतिहासिक उपलब्धि ; रीना महेश्वरी
नई दिल्ली ( रविन्द्र कुमार ) : रोहतास नगर विधानसभा के तहत अशोक नगर वार्ड की निगम पार्षद रीना माहेश्वरी ने बंगाल की जीत के उपलक्ष्य में कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से स्थापित राजनीतिक समीकरणों को बदलते हुए भाजपा ने जिस तरह से जनसमर्थन हासिल किया है, उसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह जीत केवल चुनावी रणनीति का परिणाम नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर किए गए सतत प्रयासों, संगठन की मजबूती और नेतृत्व की स्पष्ट नीतियों का प्रतिफल है। पार्षद रीना माहेश्वरी ने इस अवसर पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, समर्पण और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पारदर्शी कार्यशैली, विकासोन्मुख नीतियां और जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम जनता के बीच पार्टी की विश्वसनीयता को और मजबूत किया है। रीना माहेश्वरी ने कहा कि यह जनादेश स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि देश की जनता अब विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रभावी नीतियों के चलते ही भाजपा को यह ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव के पक्ष में मतदान कर यह संदेश दिया है कि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहती है। यह जीत केवल एक राजनीतिक परिवर्तन नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों, आकांक्षाओं और बेहतर भविष्य की चाह का प्रतीक है। गौरतलब है कि देश के अन्य राज्यों में भी भाजपा के प्रदर्शन ने पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया है। कई स्थानों पर पार्टी ने उल्लेखनीय बढ़त बनाई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि भाजपा का जनाधार लगातार विस्तृत हो रहा है। चुनावी नतीजों के बाद विभिन्न राज्यों में पार्टी कार्यालयों पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर और नारेबाजी कर अपनी खुशी का इज़हार किया।



