छात्रों पर किए अन्याय का परिणाम भुगतना पड़ेगा भाजपा को : मोहिनी जीनवाल
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : भाजपा ने जिस तरह से जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के ऊपर अत्याचार किया है, उनके साथ दुर्व्यवहार किया है, उससे पूरे विश्व के आगे भारत देश का सिर शर्म से झुक गया है, ऐसा कहना है आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद मोहिनी जीनवाल का। उन्होंने कहा कि जंतर मंतर पर छात्रों के साथ जो हुआ वह बहुत ही दुखद, अन्यायपूर्ण और झकझोर देने वाली घटना थी। मोहिनी जीनवाल ने कहा कि किसी ने भी यह नहीं सोचा था कि भाजपा और नरेंद्र मोदी का सत्ता के नशे में अहंकार इतना अधिक हो जाएगा कि वह मासूम छात्रों को लाठियों से पिटवाएंगे, उनको बुरी तरह से घायल तक कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस अपराध को देखकर आज पूरे देश की जनता में भाजपा को लेकर बहुत रोष है, बहुत गुस्सा है। मोहिनी जीनवाल ने कहा कि छात्र देश का भविष्य होते है और देश के भविष्य पर लाठीचार्ज करके, उनके ऊपर आंसू गैस के गोले छोड़के, उनको प्रताड़ित करके भाजपा ने इस देश के लोकतंत्र पर बहुत बड़ा हमला किया है और देश के संविधान के मूल्यों को ताक पर रखा है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर जो अन्याय भाजपा ने किया है, उसका परिणाम भाजपा को भुगतना ही पड़ेगा।



