भाजपा नेताओं नें किया अटल कैंटीन का निरीक्षण : विनीत जैन
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : नंद नगरी स्थित अटल कैंटीन का निरीक्षण भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं शाहदरा जिले के प्रभारी डॉ. . अनिल गुप्ता, बीजेपी जिला मीडिया प्रभारी विनीत जैन एवं जिला मंत्री सुरेंद्र शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान डॉ. अनिल गुप्ता ने कैंटीन की संपूर्ण व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया।
उन्होंने रसोई घर की स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, पानी की उपलब्धता तथा भोजन वितरण प्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अटल कैंटीन वास्तव में जनसेवा की भावना से संचालित एक उत्कृष्ट पहल है।

डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि मात्र पाँच रुपये में पौष्टिक, गरम और सम्मानजनक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की गरीब एवं श्रमिक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कैंटीन में उपस्थित लाभार्थियों से भी बातचीत की और उनकी प्रतिक्रिया जानी। अधिकांश लोगों ने बताया कि उन्हें यहाँ नियमित रूप से स्वच्छ और स्वादिष्ट भोजन मिल रहा है, जिससे उनके दैनिक जीवन में बड़ी राहत मिली है। इस अवसर पर डॉ. अनिल गुप्ता, विनीत जैन और सुरेंद्र शर्मा ने स्वयं भी पाँच रुपये का कूपन लेकर आम नागरिकों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
यह दृश्य सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक रहा। विनीत जैन ने कहा कि अटल कैंटीन केवल भोजन केंद्र नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण है। जिला मंत्री सुरेंद्र शर्मा ने कैंटीन संचालकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को इसी प्रकार सुचारू बनाए रखने का आग्रह किया। अंत में सभी ने इसे जनकल्याण की दिशा में एक सफल और प्रेरणादायक पहल बताया।



